बिहार और झारखंड के बीच चलने वाली एकमात्र वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के यात्रियों के लिए खुशखबरी है. वहीं, झारखंड से ओडिशा जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा. ओडिशा और झारखंड के बीच चलने वाली कम से कम दो ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है.
1 मार्च से जहानाबाद स्टेशन पर रुकेगी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन
दक्षिण पूर्व रेलवे रांची मंडल के मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी ने शुक्रवार (1 मार्च 2024) को यह जानकारी दी है. उन्होंने बताया है कि 22349/22350 पटना–रांची–पटना वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का बिहार के जहानाबाद स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव होगा.
पटना-रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस पर रेलवे ने लिया है ये फैसला
मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी ने बताया कि रेल मंत्रालय ने यात्रियों की सुविधा के लिए 22349/22350 पटना–रांची–पटना वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का दानापुर मंडल के जहानाबाद स्टेशन पर अगले आदेश तक प्रायोगिक ठहराव सुनिश्चित किया है.
सुबह 7:34 बजे जहानाबाद पहुंचेगी ट्रेन, 7:36 पर होगी रवाना
उन्होंने बताया कि 22349 पटना–रांची वंदे भारत एक्सप्रेस 1 मार्च 2024 से जहानाबाद स्टेशन पर सुबह 7:34 बजे आएगी. यहां 2 मिनट के ठहराव के बाद यह ट्रेन 07:36 बजे प्रस्थान करेगी.
रात में 9:25 बजे रांची से जहानाबाद पहुंचेगी वंदे भारत एक्सप्रेस
वापसी में 22350 रांची–पटना वंदे भारत एक्सप्रेस 1 मार्च 2024 से जहानाबाद स्टेशन पर रात 21:25 बजे पहुंचेगी और 2 मिनट रुकने के बाद 21:27 बजे प्रस्थान करेगी. अन्य सभी स्टेशनों पर ट्रेन का टाइम-टेबल पहले की तरह ही रहेगा.
झारखंड की ये ट्रेनें रहेंगी प्रभावित
इधर, रांची रेल मंडल के हटिया–ओरगा रेलखंड पर महाबुआंग स्टेशन पर नॉन इंटरलॉकिंग का काम होगा, जिसकी वजह से कई ट्रेनें प्रभावित होंगी. प्रभावित होने वाली ट्रेनों की पूरी लिस्ट यहां देखें.
2 से 5 मार्च तक रद्द रहेंगी ये ट्रेनें
- 18175/18176 हटिया- झारसुगुड़ा-हटिया मेमू एक्सप्रेस ट्रेन 2 मार्च 2024 से 5 मार्च 2024 तक रद्द रहेगी.
- 08149/08150 हटिया–राउरकेला–हटिया पैसेंजर स्पेशल ट्रेन 2 मार्च 2024 से 5 मार्च 2024 तक रद्द रहेगी.
ट्रेन के प्रस्थान समय में परिवर्तन
- 18452 पुरी–हटिया तपस्विनी एक्सप्रेस 4 मार्च 2024 को अपने निर्धारित प्रस्थान समय से 2 घंटे देर से पुरी से प्रस्थान करेगी.
