दारू से दिनेश कुमार की रिपोर्ट
झारखंड पार्टी (झापा) के केंद्रीय अध्यक्ष एनोस एक्का ने शुक्रवार को आधिकारिक तौर पर झारखंड के तीन लोकसभा सीट हजारीबाग, चतरा एवं चाईबासा पर अपना प्रत्याशी घोषित किया। लोकसभा सीट की घोषणा होते ही शनिवार को हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी राजकुमार कुशवाहा उर्फ बबलू कुशवाहा ने टाटीझरिया प्रधान जी होटल में प्रेस वार्ता कर जानकारी देते हुए कहा कि मुझे हजारीबाग लोकसभा से प्रत्याशी घोषित किया गया, पार्टी ने मुझ पर जो भरोसा जताया है उस पर मैं खरा उतरूंगा। कुशवाहा ने कहा की झारखंड पार्टी जल, जंगल और माटी की पार्टी है। हमारी पार्टी शिक्षा, रोजगार, पलायन रोकना, किसानो की आय बढ़ाना, महिला सशक्तिकरण, आदि इन सभी मुद्दों के साथ चुनाव लड़ेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि बड़ी पार्टियां राजनीति को व्यवसाय बना दिया है जिसके कारण क्षेत्रीय पार्टी को आगे आना पड़ रहा है। हमारे राज्य का कोयला, लकड़ी एवं खनिज संपदा को दूसरे राज्यों में बेचा जा रहा है और यहां के लोग बेरोजगारी के कारण दूसरे राज्यों में काम करने जा रहे हैं। ऐसी स्थिति में आम जनता त्रस्त है। इस बार जनता जरूर बदलाव करेगी ।
