झारखंड में अगले 24 घंटों के बाद से मौसम साफ होने की संभावना व्यक्त की गई है। इस दौरान राज्य के संताल परगना और आसपास में कहीं-कहीं बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। शुक्रवार को आसमान पूरी तरह साफ रहेगा। इसके बाद रांची समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में तापमान बढ़ने की संभावना है।
इधर, पिछले तीन दिनों से बारिश होने के कारण रांची समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में ठंड बढ़ गयी है। अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री नीचे और न्यूनतम दो डिग्री नीचे आ गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान कई जगहों पर अच्छी बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश चाईबासा में 45.6 मिमी दर्ज की गई। जबिक, पूर्वी सिंहभूम में 27.6 मिमी, सिमडेगा 21.4, चक्रधरपुर 8.6, जमशेदपुर में 7.4 और रांची में छह मिमी समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश हुई।
राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई बारिश के कारण रांची का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 8.0 डिग्री नीचे आ गया है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री नीचे चल रहा है। तापमान गिरने से लोगों को ठंड का अहसास हो रहा है। विभाग के मुताबिक, रांची में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रांची का अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री रहा। यह एक दिन पूर्व के तापमान से करीब तीन डिग्री नीचे गिरा है। जबकि, न्यूनतम तापमान में भी एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। यह 15.2 डिग्री रहा। वहीं, गर्म शहर जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 24.2 और मेदिनीनगर का तापमान 28.0 डिग्री दर्ज किया गया। जमशेदपुर का तापमान सामान्य से आठ डिग्री नीचे चल रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को झारखंड से असम तक बना ट्रफ लाइन अब मध्य प्रदेश से लेकर असम तक विस्तार हो गया है। इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ के कारण झारखंड के उपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके कारण झारखंड में बारिश हो रही है। अब यह कमजोर हो रहा है।
झारखंड में साइक्लोनिक सर्कुलेशन कायम है। इसके कारण झारखंड में बारिश हो रही है। हालांकि यह सिस्टम कमजोर हो रहा है। अगले 24 घंटों में राज्य के उत्तरी में हल्की बारिश हो सकती है। लेकिन रांची समेत शेष झारखंड में मौसम साफ होगा। -अभिषेक आनंद, वैज्ञानिक, मौसम विभाग
विभिन्न जिलों व शहर का तापमान
जिला अधिकतम न्यूनतम
गढ़वा 25.1 17.5
देवघर 22.7 18.8
गोड्डा 22.5 20.3
सिमडेगा 24.3 16.0
रांची 24.4 15.2
जमशेदपुर 24.2 17.7
मेदिनीनगर 28.0 18.7
बोकारो 25.6 17.5
