झारखंड में होली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस मुख्यालय ने अलर्ट जारी किया है। पुलिस की पैनी नजर हुड़दंग करने वालों पर रहेगी। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस मुख्यालय के स्तर से राज्य के सभी जिलों में लगभग आठ हजार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। लोकसभा चुनाव को लेकर पहले से ही अतिरिक्त फोर्स तैनात है।
सभी जिलों के एसपी को सुरक्षा व्यवस्था के लिए अलर्ट जारी किया गया है। कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने या गंभीर घटना की सूचना पुलिस मुख्यालय के कंट्रोल रूम को देनी है।
पांच जिलों रांची, जमशेदपुर, हजारीबाग, गिरिडीह और लोहरदगा में में विशेष निगरानी का निर्देश दिये गए हैं। इन जिलों में एक-एक कंपनी सीआरपीएफ की तैनाती की गई है। वहीं रांची, जमशेदपुर, गिरिडीह व हजारीबाग में एक-एक कंपनी रैप की तैनाती की है। अश्रु गैस दस्ता को भी मुस्तैद किए गए हैं।
राजधानी रांची में दो हजार अतिरिक्त फोर्स की तैनाती
होली के मद्देनजर राजधानी रांची में दो हजार अतिरिक्त फोर्स की तैनाती की गई है। इसमें सादे लिबास में भी पुलिस बल प्रतिनियुक्त किए गए हैं। इसमें रांची जिला बल के अलावा, रैफ, रैप और होमगार्ड के जवानों को लगाया गया। सभी थानों में क्विक रिस्पांस टीम भी तैनात किए गए हैं। एसएसपी चंदन सिन्हा ने बताया कि जबरन रंग लगा किसी को परेशान करने पर कार्रवाई की जाएगी। ड्रंक एंड ड्राइव अभियान लगातार चलाए जाने का निर्देश दिया गया है।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को विशेष अलर्ट का निर्देश दिया है, कहा गया है कि क्षेत्र के हर संवेदनशीन इलाकों पर विशेष फोकस हो, धार्मिक स्थलों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं। थानेदार खुद अपने-अपने क्षेत्र में गश्त लगाते रहें। किसी प्रकार की सूचना मिलने के बाद अपने आस-पास से सटे थाना प्रभारी और डीएसपी से संपर्क स्थापित कर सुरक्षा सुनिश्चित करें। इसके अलावा सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने पीसीआर, टाईगर पुलिस और बीट पुलिस से भी लगातार संपर्क स्थापित करते रहने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस मुख्यालय से सभी जिलों को अलर्ट किया गया है। चुनाव के कारण पहले से अंतरराज्यीय सीमाओं को सील किया गया है। अवैध शराब की तस्करी न हो इसको लेकर विशेष अलर्ट जारी किया गया है।
