झारखंड के कई जिलों में मंगलवार को झमाझम बारिश हुई। इस कारण दिन के अधिकतम पारा में गिरावट दर्ज गई। तापमान गिरने से ठंड बढ़ गई है। अधिकतम तापमान में दो से नौ डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है।
वहीं, लातेहार जिला के चंदवा में ठनका गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे के दौरान राज्य में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों में गरज के साथ वज्रपात होने का यलो अलर्ट जारी किया है।
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश रांची के मांडर में 40 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को राजधानी समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में दिनभर बारिश होने के कारण राजधानी में पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान नौ डिग्री नीचे गिरा। कई अन्य जिलों में भी अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। वहीं राज्य के विभिन्न हिस्से में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की वृद्धि हुई है।
