कोडरमा : मदनगुंडी पेट्रोल पंप के समीप बुधवार देर शाम ऑटो और कार की सीधी टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घटना के बाद गुरुवार को आक्रोशित ग्रामीण व स्वजन ने एनएचएआई और निर्माण कंपनी आरकेएस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए चंदवारा थानाक्षेत्र के जामुखांड़ी में हाईवे जाम कर दिया।
चार घंटे जमे रहे ग्रामीण, पुलिस ने बरती सख्ती
करीब चार घंटे के बाद भी जाम स्थल से ग्रामीण नहीं हटे तो पुलिस ने सख्ती की। इससे ग्रामीण उग्र हो गए और पुलिस ने सड़क से उन्हें हटाने के लिए लाठीचार्ज किया।
इस पर सड़क जाम करने बैठे लोग पत्थरबाजी करने लगे। इससे कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें भी आई। पत्थरबाजी से चंदवारा थाना प्रभारी अरविंद कुमार समेत आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए।
रांची-पटना मुख्य मार्ग पर लगी वाहनों की कतार
घायल जवान राजेश कुमार की हालत गंभीर है। वहीं, आक्रोशित लोगों ने जवानों को लेकर आई पुलिस बस को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
इधर, जाम के कारण गुरुवार दोपहर से ही रांची-पटना मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
एक ही परिवार के सदस्य हैं मृतक और घायल
बुधवार शाम हुई दुर्घटना में मृतक और सभी घायल एक ही परिवार के हैं। इस घटना में फुलागी सिंह की मौत इलाज के लिए रांची ले जाने के क्रम में हो गई।
वहीं, बिरजू सिंह (55) व रामेश्वर सिंह (50) गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि जामुखांडी उरवां निवासी सुदामा देवी, बुधनी देवी व यशोदा देवी घायल हैं।
इस हादसे में तिलैया थानाक्षेत्र के इंदरवा की रहने वाली सपना कुमारी भी घायल हो गई। घटना में गंभीर रूप से घायल रामेश्वर सिंह स्वयं ऑटो चलाकर स्वजन के साथ कोडरमा से जामुखांडी लौट रहे थे।
