रांची : राजधानी समेत पूरे राज्य के मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। कभी धूप का तीखापन तो कभी कोहरे और धुंध की चपेट से मौसम का मिजाज बदल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 7 फरवरी को राज्य में सुबह धुंध का प्रभाव दिखेगा और बाद में आसमान साफ रहेगा, जबकि मौसम शुष्क बना रहेगा।
वहीं, 8 से 10 फरवरी तक आंशिक बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं वर्षा होने की संभावना है। 11 और 12 फरवरी को राज्य के पश्चिमी हिस्से – पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा में कुछ जगहों पर गर्जन के साथ हल्की वर्षा हो सकती है।
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हुई। सबसे अधिक वर्षा 8 मिमी हजारीबाग के बरही में रिकार्ड की गई। अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस जमशेदपुर का रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस गोड्डा का रिकार्ड किया गया।
रांची की बात करें तो अधिकतम 28 डिग्री जबकि न्यूनतम 15.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि राजधानी के मौसम में बड़ा बदलाव देखा जा रहा है।
लगातार बढ़ रहे प्रदूषण के कारण राजधानी व आसपास के जिलों में वर्षा नहीं हो पा रही है। साथ ही निर्माण कार्य और सिमटती हरियाली के कारण धूलकणों की मात्रा भी बढ़ रही है।
पिछले दस दिनों में राजधानी का तापमान (डिग्री सेल्सियस)
दिनांक अधिकतम न्यूनतम
6 फरवरी : 28 15.1
5 फरवरी : 26.2 13.7
4 फरवरी : 24.6 11
3 फरवरी : 24.3 12.6
2 फरवरी : 20.4 12.4
1 फरवरी : 25.7 14.5
31 जनवरी : 27.5 11.6
30 जनवरी : 26.7 11.4
29 जनवरी : 25.5 9.4
28 जनवरी : 24.2 9.2
