झारखंड में एक बार फिर मौसम में बदलाव की संभावना व्यक्त की जा रही है। 21 फरवरी से राज्य में बादल छा सकते हैं। राज्य के उत्तरी हिस्सों में बारिश होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यह मौसम बदलाव होगा। विक्षोभ देश के पश्चिमोत्तर भाग में दस्तक दे चुका है। इसके प्रभाव से हिमालय के तराई क्षेत्रों और आसपास के राज्यों में बादल छाने से बारिश होने की संभावना बढ़ गयी है। झारखंड में इसका प्रभाव 20 फरवरी से रहेगा। राज्य में 21 से लेकर 23 फरवरी तक बादल छाए रह सकते हैं। कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
इससे आनेवाले सप्ताह में फिर तापमान में उतार-चढ़ाव होने की संभावना व्यक्त की गई है।
साफ रहा रांची का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी समेत राज्य का मौसम साफ है। शनिवार की सुबह में कुहासा के बाद आसमान पूरी तरह से साफ रहा। राजधानी का न्यूनतम पारा 12.5 और अधिकतम 26.2 डिग्री रहा। जमशेदपुर का अधिकतम 30.2 डिग्री और न्यूनतम 15.6 डिग्री तक पहुंचा।
मौसम में बदलाव से पहले पारा बढ़ेगा फिर गिरेगा
मौसम विभाग के मुताबिक, मौसम में बदलाव के कारण अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है। बादल छाने से दिन के अधिकतम तापमान में गिरावट होगी, जिससे ठंड का अहसास होगा। जानकारी के अनुसार, मेदिनीनगर का अधिकतम 28.0 और न्यूनतम 13.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
झारखंड में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव होगा। 21 फरवरी से बादल छाएंगे और राज्य के उत्तरी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। जबकि, राजधानी समेत राज्य के अन्य हिस्सों में 23 फरवरी को कहीं-कहीं हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। -एससी मंडल, वैज्ञानिक, मौसम विभाग, रांची
राज्य के विभिन्न जिलों का पारा डिग्री में
जिले अधिक न्यूनतम
रांची 26.2 12.5
जमशेदपुर 30.2 15.6
मेदिनीनगर 28.0 13.1
बोकारो 27.2 12.5
चतरा 25.5 14.2
गढ़वा 27.5 11.0
गोड्डा 28.0 13.6
देवघर 27.9 14.2
