राजधानी रांची समेत राज्य के दक्षिणी हिस्सों में रविवार को गरज के साथ बारिश होने के आसार हैं। साथ ही अगले तीन दिनों के दौरान मौसम बदलाव में तेजी आएगी और 27 फरवरी तक रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में हल्के से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने सोमवार व मंगलवार को राज्य के कई जिलों में तेज हवा चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रतिघंटा तक हो सकती है। इससे तापमान में उतार-चढ़ाव होगा। वहीं, बारिश होने से रात में सिहरन बढ़ेगी। मौसम विज्ञानियों के अनुसार देश के पश्चिमोत्तर भाग में नए विक्षोभ के कारण अगले तीन दिनों तक मौसम में बदलाव की स्थिति बनी रहेगी। 27 फरवरी के बाद मौसम साफ होने की संभावना है।
विभाग के अनुसार मौसम में हुए बदलाव से राज्य का तापमान सामान्य से नीचे है। आसमान में बादल छाए रहने के कारण गत मंगलवार को 30 डिग्री पार चुका अधिकतम और 18 डिग्री न्यूनतम तापमान अब चार से पांच डिग्री नीचे आ गया है। शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मेदिनीनगर का 33.4 डिग्री पर पहुंचा अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री पर आ चुका है। तापमान गिरने से आनेवाले चार दिनों में रात की सिहरन बढ़ सकती है।
