मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना में लाभुकों की संख्या 26,73,958 (26.73 लाख) पहुंच गई है। इनमें से 50 से 60 साल तक 2,22,523 (2.22 लाख) नए लाभुक पेंशन के लिए स्वीकृत किए गए हैं।
नए लाभुकों में से कुल 1,58,218 (1.58 लाख) नए लाभुकों को मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन आज 31.6 करोड़ रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से भुगतान करेंगे। यह जानकारी महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग ने दी है। इसके अलावा परिवार हित लाभ योजना के बीपीएल परिवारों के 736 लाभुकों को भी मुख्यमंत्री 1.47 करोड़ रुपए का भुगतान करेंगे। इस योजना के तहत अगर परिवार के कमाने वाले मुख्य व्यक्ति की मृत्यु 18 से 59 साल के बीच होती है, तो उनके आश्रितों को 20,000 रुपए की एकमुश्त सहायता दी जाती है।
सर्वजन पेंशन योजना शुरू होने बाद पेंशन लेने वाले लाभुक बढ़े विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक 1 जनवरी 2020 तक पेंशन लेने वाले लाभुकों की संख्या 6.61 लाख थी। पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पहल पर 18 नवंबर 2021 को सर्वजन पेंशन योजना लागू की गई। इसमें 60 साल से ऊपर के सभी को पेंशन दी गई। योजना लागू होने के समय पेंशन लाभुकों की संख्या 10.37 लाख थी। 24 जनवरी 2024 को तत्कालीन सीएम हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 50 साल से ऊपर के सभी वर्ग की महिलाओं, एसटी-एससी की महिला और पुरुष दोनों को पेंशन देने की घोषणा हुई।
विभाग की पहल पर 20 फरवरी से 23 फरवरी तक राज्य स्तरीय विशेष अभियान चलाया गया, जिनमें 50 से 60 साल तक के कुल 5.68 लाख लाभुकों के आवेदन आए। इनमें से 2.22 लाख लाभुक पेंशन के लिए स्वीकृत हुए। नए स्वीकृत लाभुकों में से 1.58 लाख को फरवरी और मार्च माह का कुल 61.6 करोड़ रुपए की पेंशन दी जाएगी।
पूर्वी सिंहभूम में सबसे ज्यादा नए लाभुक जुड़े
50 से 60 साल तक की आयु के नए पेंशन लाभुक की सबसे ज्यादा संख्या पूर्वी सिंहभूम से जुड़ी है। जिले में कुल 19,719 लाभुक नए हैं। इसके बाद देवघर में 12754, रांची में 11263, दुमका में 10023, बोकारो में 9781, लातेहार में 9696, पश्चिम सिंहभूम में 8944. गुमला 7376, गोड्डा में 6438, कोडरमा में 6185, लोहरदगा में 5789, धनबाद में 5446, रामगढ़ में 5205, गढ़वा में 4580, पलामू में 4451, खूंटी में 4300, पाकुड़ में 4270, चतरा में 4262, सिमडेगा में 3927, जामताड़ा में 3800, गिरिडीह में 3623, हजारीबाग में 3255, सरायकेला में 2035 और साहिबगंज में 1126 नए लाभुक जोड़े गए हैं।
