Sunday, October 26, 2025
Homeआज तक का खबरचंपई कैबिनेट का विस्तार आज, नए चेहरों को मौका या पुरानों पर...

चंपई कैबिनेट का विस्तार आज, नए चेहरों को मौका या पुरानों पर भरोसा, ये बनेंगे डिप्टी सीएम

मुख्यमंत्री चंपई सोरेन अपनी सरकार के मंत्रिमंडल का पहला विस्तार शुक्रवार को करेंगे। नए मंत्री शुक्रवार को शाम चार बजे राजभवन में पद व गोपनीयता की शपथ लेंगे। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन राजभवन के बिरसा मंडप में नए मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। इस बीच चंपई सोरेन के मंत्रिमंडल में नए चेहरों को लेकर कई तरह की चर्चा तैर रही है। हालांकि यह भी बातें अंदरखाने में चल रही है कि किसी तरह के अंतर्विरोध से बचने के लिए पुराने चेहरों पर ही भरोसा जताया जा सकता है। दुमका से विधायक व पूर्व सीएम हेमंत सोरेन के छोटे भाई बसंत सोरेन को नए चेहरे के रूप में शामिल किया जाना तय माना जा रहा है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार झामुमो और कांग्रेस दोनों में पुराने मंत्रिमंडल में शामिल चेहरों पर ही सहमति बन पा रही है। अगर झामुमो कोटे में बदलाव नहीं किया जाता है, तो बसंत सोरेन के अलावा जोबा मांझी, मिथिलेश ठाकुर, बेबी देवी और हफीजुल हसन तथा कांग्रेस से रामेश्वर उरांव, बादल, बन्ना गुप्ता को मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस में पुराने चेहरों की पुनरावृत्ति पर कई विधायकों ने आपत्ति दर्ज करायी है। कांग्रेस में देर रात तक मंथन जारी था

बसंत और आलमगीर बनेंगे डिप्टी सीएम

माना जा रहा है कि चंपई सरकार में दो उप मुख्यमंत्री भी होंगे। कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम संसदीय कार्यमंत्री की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्हें इस बार उप मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी दी जा सकती है। दुमका विधायक बसंत सोरेन का भी डिप्टी सीएम बनना तय माना जा रहा है। इधर, 12वें मंत्री को भी शपथ दिलाने की चर्चा होती रही।

शिबू सोरेन तय करेंगे मंत्रियों के नाम

चंपई सोरेन ने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार शुक्रवार को होना है। किन विधायकों को मंत्री बनाना है, इसकी सूची झामुमो सुप्रीमो की तरफ से नहीं आई है। पार्टी अध्यक्ष जिनका नाम तय करेंगे, वे लोग ही मंत्री बनेंगे। वे पार्टी अध्यक्ष शिबू सोरेन से शुक्रवार तक मुलाकात करेंगे। 12वें मंत्री का निर्णय भी शिबू सोरेन ही करेंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments