झारखंड में एक 15 साल की लड़की की गर्दन में रस्सी बांधकर हत्या कर दी गई। घटना रविवार रात की है। हत्या की जानकारी आरोपी मरदा गांव निवासी 19 साल के नागेंद्र सिंह ने सोमवार सुबह खुद लड़की के परिजनों को फोन करके दी। इसके बाद परिजनों ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। लड़की भंडरिया थाना क्षेत्र के नौका गांव के भेजरिया टोला की रहने वाली थी।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी नागेंद्र और लड़की के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोपी ने रविवार रात को लड़की को नए घर में बुलाया। उक्त घर में कोई नहीं रहता है। किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ। विवाद के क्रम में ही नागेंद्र ने लड़की की गर्दन में रस्सी बांधकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को एक कोने में बैठने की मुद्रा में रख दिया। वह भी रातभर वहीं रहा।
सुबह लड़की के परिजनों को हत्या करने की जानकारी दी। घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर चंदन कुमार ने बताया कि शव को पुलिस ने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मृतका का शव गांव से करीब एक किलोमीटर दूर सोमवार को मरदा गांव में आरोपी 19 वर्षीय नागेंद्र सिंह के नए घर से बरामद हुआ। हत्या की खबर पाकर गांव के लोगों की भीड़ लग गई। उधर मृतका की मां विधवा तारा कुंवर का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव की महिलाएं उसे संभालने का प्रयास कर रही थी। मृतका किरण परिवार में पांच भाई-बहन में सबसे छोटी थी। उससे बड़ी तीन बहन और एक भाई है। दो बहन की शादी हो चुकी है। वहीं वह अपनी मां और बड़ी बहन के साथ रहती थी।
वहीं उसका भाई अपने चाचा की हत्या के मामले में पहले से ही जेल में बंद है। उसकी मां और बहने आसपास मजदूरी कर किसी तरह परिवार चलाते थे। बताया जाता है कि हत्यारोपी नागेंद्र भी बाहर रहकर मजदूरी करता था।
