मुख्यमंत्री चंपई सोरेन 16 फरवरी को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। राजभवन में गुरुवार को होने वाले कार्यक्रम में फेरबदल किया गया है। झारखंड के मंत्री आलमगीर आलम ने बुधवार को बताया कि कार्यक्रम में थोड़ा बदलाव है। अब कैबिनेट विस्तार के तहत मंत्रियों का शपथग्रहण 16 फरवरी को दोपहर 3 बजे होगा। संवैधानिक प्रावधानों के तहत, झारखंड में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 12 मंत्री हो सकते हैं।
हेमंत सरकार में एक सीट थी खाली
पिछली हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल में एक सीट खाली रह गयी थी। मंत्रिपरिषद के लिए संभावित उम्मीदवारों के चयन के संबंध में आलम ने कहा कि कांग्रेस ने अभी तक इस पर निर्णय नहीं लिया है।
कांग्रेस से किन्हें मिलेगा मौका?
नई कैबिनेट में कांग्रेस की ओर से किन चेहरों को मौका दिया जाएगा, इस बारे में आलमगीर आलम ने कहा कि कांग्रेस ने अभी तक इस पर निर्णय नहीं लिया है। मैं झामुमो के बारे में नहीं बता सकता कि उन्होंने अपने उम्मीदवारों का चयन किया है या नहीं।
आलाकमान नामों पर लगाएगा मुहर
रिपोर्टों के मुताबिक, आलमगीर आलम दिल्ली रवाना हो गए हैं। माना जा रहा है कि कैबिनेट विस्तार पर उनकी आलाकमान से चर्चा हो सकती है। इस बैठक में नाम फाइनल हो जाएंगे। अटकलें हैं कि कांग्रेस से भी एक या दो चेहरों को ड्रॉप किया जा सकता है।
झामुमो की ओर से बदले जा सकते हैं चेहरे
वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा के एक सूत्र ने कहा कि पार्टी की ओर से मंत्री चेहरों में एक या दो बदलावों की संभावना है। यह भी संभावना है कि चंपई सोरेन सरकार हेमंत सोरेन कैबिनेट में शामिल अधिकांश मंत्रियों को दोहरा सकती है।
