झारखंड के सरायकेला के गम्हरिया प्रखंड के मोहनपुर गांव में रविवार दोपहर जमकर बवाल हुआ। सिंहभूम से भाजपा प्रत्याशी गीता कोड़ा के जनसंपर्क अभियान का विरोध करते हुए ग्रामीणों ने हरवे हथियार के साथ करीब ढाई घंटे तक रोक हंगामा किया। अभियान में शामिल महिला जिलाध्यक्ष रश्मि साहू, सुनीता मिश्रा समेत अन्य के साथ धक्कामुक्की की, जबकि भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष गणेश महाली, प्रखंड अध्यक्ष अमित सिंहदेव समेत अन्य कई नेताओं के साथ मारपीट की गयी। सूचना पर पहुंचे एसडीपीओ समेत चार थानों की पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर सभी को चंगुल से मुक्त कराया।
भाजपा ने 40 के खिलाफ कराया केस दर्ज
इस मामले में आठ नामजद समेत 40 के खिलाफ भाजपा ने केस दर्ज कराया है। सरायकेला के गम्हरिया प्रखंड के मोहनपुर गांव में रविवार दोपहर ग्रामीण आक्रोशित दिखाई पड़े। वे सांसद गीता कोड़ा का विरोध कर रहे थे। इधर, घटना के बाद देर शाम महिला जिलाध्यक्ष रश्मि साहू के बयान पर गम्हरिया थाना में 8 नामजद समेत करीब 40 महिला-पुरुषों पर एफआईआर दर्ज की गयी। वहीं, इसकी सूचना चुनाव आयोग से लेकर जिले के वरीय अधिकारियों को भी दी गयी।
पहले बाइक सवार युवकों ने शुरू किया विरोध
सूचना के अनुसार सिंहभूम से प्रत्याशी सांसद गीता कोड़ा रविवार को गम्हरिया के कई गांवों में जन संपर्क अभियान की कड़ी में रपचा पंचायत के मोहनपुर गांव पहुंची थीं। वह कुछ ग्रामीणों से बात कर आने का मकसद बता रही थीं, तभी बाइक पर सवार हथियारों से लैस कुछ युवक वहां पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे। कुछ ही मिनट बाद काफी संख्या में महिला-पुरुष भी पारंपरिक हथियारों से लैस होकर वहां पहुंच गये विरोध करते हुए सभी को गांव से निकल जाने पर अड़ गये। कोड़ा के अंगरक्षकों समेत भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ग्रामीणों की बकझक शुरू हो गयी।
उच्चस्तरीय जांच हो गीता कोड़ा
सिंहभूम की सांसद और भाजपा प्रत्याशी गीता कोड़ा ने बताया कि मोहनपुर की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। लोकतंत्र की हत्या की गई है। उन्हें और उनके साथ के लोगों को दो घंटे तक बंदी बनाया गया था। सत्ताधारी दल के इशारे में इसे अंजाम दिया गया। मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए। घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री और गीता कोड़ा के पति मधु कोड़ा मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना के पीछे सत्ताधारी दल का हाथ बताया।
चुनाव आयोग और डीजीपी से होगी शिकायत
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में अपनी संभावित हार को देखते हुए झामुमो बौखला गया है। उन्होंने कहा कि गीता कोड़ा को प्रचार करने से रोकना एवं तीन घंटे तक बंधक बनाना शर्मसार करने वाली घटना है। डॉ. गोस्वामी ने कहा कि पूरे मामले को लेकर भाजपा चुनाव आयोग के पास जाएगी।
सांसद ने विरोध के बाद रोका जनसंपर्क अभियान
दोपहर में गम्हरिया प्रखंड के मोहनपुर गांव पहुंचने पर सांसद को देख ग्रामीण भड़क गये व गांव में प्रवेश करने पर रोक दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यह गांव इंडिया महागठबंधन समर्थकों का है। विरोध के बाद गीता कोड़ा ने जनसंपर्क अभियान स्थगित कर दिया। इस दौरान भाजपा नेता गणेश महाली, जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव, विनोद श्रीवास्तव, अमिताभ सिंह, रश्मि साहू, अमित सिंहदेव, राकेश सिंह, मनोज तिवारी, स्वप्निल सिंह, निरंजन मिश्रा सहित गम्हरिया व आरआईटी मंडल के दर्जनों कार्यकर्ता थे।
