Sunday, October 26, 2025
Homeआज तक का खबरJharkhand News : जेड सुरक्षा पर सियासत, सीता सोरेन नहीं आ सकीं...

Jharkhand News : जेड सुरक्षा पर सियासत, सीता सोरेन नहीं आ सकीं रांची, पुलिस ने किया ये दावा

झामुमो छोड़कर हाल ही में भाजपा में शामिल हुईं दिशोम गुरु शिबू सोरेन की बड़ी बहू सीता सोरेन की सुरक्षा को लेकर शनिवार को झारखंड में सियासत गरम रही। दरअसल, सीता सोरेन को शनिवार को रांची आना था, लेकिन वह नहीं आ सकीं। आरोप है कि राज्य सरकार की ओर से उन्हें जेड सुरक्षा मुहैया कराने से इनकार कर दिया गया। हालांकि, इस संबंध में डीजीपी का कहना है कि सीता सोरेन को जेड श्रेणी की सुरक्षा मिली है, इससे जुड़ा कोई पत्र पुलिस विभाग को नहीं मिला है।

जानकारी के अनुसार सीता सोरेन के रांची आने की सूचना उनके निजी कार्यालय से स्पेशल ब्रांच, रांची डीसी, एसएसपी को भेजी गई थी। पत्र भेजकर केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश के मुताबिक, जेड श्रेणी सुरक्षा देने का आग्रह किया गया था। हालांकि, रांची जिला प्रशासन ने जेड सुरक्षा देने से मना कर दिया। इस बाबत पूछने पर रांची डीसी राहुल कुमार सिन्हा ने बताया कि जेड सुरक्षा देने संबंधी कोई पत्र नहीं मिला है। डीसी ने जेड सुरक्षा या अन्य सुरक्षा प्रोटोकॉल की जानकारी पुलिस मुख्यालय के स्तर से होने की बात कही।

इधर, सीता सोरेन के निजी सहायक राकेश चौधरी ने बताया कि उन्होंने पुलिस मुख्यालय समेत सभी जगह पत्राचार किया था। इसके बाद उन्होंने रांची डीसी व एसएसपी से बात की, पर चुनाव होने की वजह से जेड सुरक्षा नहीं देने की बात पदाधिकारियों ने कही।

ऐसा था सीता सोरेन का रांची का कार्यक्रम

पुलिस मुख्यालय को भेजे गए प्लान के मुताबिक 12.45 बजे सीता सोरेन को एयरपोर्ट आना था। 1.20 बजे बिरसा चौक पर माल्यार्पण के बाद उन्हें 1.45 बजे स्व दुर्गा सोरेन चौक स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण करना था। 2 बजे भाजपा कार्यालय में आधा घंटे रुकने के बाद धुर्वा आवास जाने का जिक्र था।

झारखंड के डीजीपी अजय कुमार सिंह ने बताया,”सीता सोरेन को जेड श्रेणी सुरक्षा है, इससे जुड़ा कोई पत्र पुलिस विभाग को नहीं मिला है। सुरक्षा आवंटन संबंधित पत्र मिलने पर जरूर सुरक्षा उपलब्ध करायी जाएगी।”

वहीं, इस पूरे विवाद पर सीता सोरेन ने कहा,”राज्य सरकार मेरी सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है। केंद्र ने सुरक्षा दी है। बावजूद इसके राज्य सरकार ने सुरक्षा नहीं दी। राज्य के अफसरों ने नोटिफिकेशन नहीं आने की बात कह इसे टाल दिया। जबतक पुख्ता सुरक्षा नहीं मिलेगी, मैं कैसे आऊंगी।”

भाजपा प्रवक्ता ने एक्स पर पोस्ट कर उठाया मुद्दा

भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने शनिवार की सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए सीता सोरेन को सुरक्षा नहीं देने का मुद्दा उठाया। इस मामले में उन्होंने चुनाव आयोग को भी टैग किया। प्रतुल ने पोस्ट में लिखा कि सीता सोरेन का रांची आगमन शनिवार को तय था। पर राज्य सरकार ने उनको जेड सिक्योरिटी कवर के लिए जरूरी इंतजाम देने से मना कर दिया है। जिसके कारण संभवत दौरा टल गया। यह हेमंत सोरेन पार्ट 2 सरकार का डर दिखा रहा है कि वह बहाना करके सीता के दौरे को टालना चाहते हैं।

आगे उन्होंने लिखा कि सोरेन परिवार की मां समान बड़ी बहू के सुरक्षा के साथ खिलवाड़ को झारखंड कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments