होली में किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो इसके लिए रांची में पुलिस और प्रशासन सतर्क है। हुड़दंग करने और अफवाह फैलाने वालों पर सीसीटीवी कैमरों और महिला पुलिस बल के जवानों की पैनी नजर है। ऐसे लोगों से निपटने के लिए रांची में 1500 अतिरिक्त जवानों को जगह-जगह तैनात किया गया है।
कानून व्यवस्था का जायजा लेने के लिए रांची पुलिस ने शनिवार को अलबर्ट एक्का चौक से मेन रोड में फ्लैग मार्च निकाला। इसमें जैप-1 के जवान व टाइगर मोबाइल से जुड़े पुलिसकर्मी शामिल हुए। फ्लैग मार्च अलबर्ट एक्का चौक से शुरू होकर काली मंदिर चौक, रतन टॉकीज, पीपी कंपाउंड तक गया। वहां से कोनका रोड होते हुए कर्बला चौक और चर्च रोड से होकर वापस मेन रोड पहुंचा। इस बीच जवानों ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता का पालन करते हुए पर्व मनाने की अपील की। मार्च में कोतवाली डीएसपी, डेली मार्केट, हिंदपीढ़ी व लोअर बाजार थाना प्रभारी के अलावा अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
विवादित गाने नहीं बजाने की अपील की
प्रशासन ने युवाओं से विवादित गीत नहीं बजाने को कहा है। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सूचना सिटी कंट्रोल रूम या संबंधित थाना प्रभारी को देने की अपील भी की है। कहा गया है कि विवादित गाना बजाया गया तो डीजे जब्त किया जाएगा।
पर्व को लेकर समाहरणालय में हुई बैठक
पर्व के मद्देनजर शनिवार को रांची समाहरणालय में केंद्रीय शांति समिति की बैठक हुई। एसएसपी चंदन सिन्हा ने कहा कि पुलिस एवं प्रशासन ने कानून व्यवस्था की सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। समिति सदस्यों ने मिलजुलकर होलिका दहन व होली का आयोजन करने को कहा। साथ ही शराब की दुकान बंद रखने की अपील की। तेज गति से वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की मांग की।
चेक नाकों की संख्या व गश्ती को बढ़ाया गया
ग्रामीण एसपी सुमित अग्रवाल ने कहा, चेक नाकों की संख्या व गश्त बढ़ाई जाएगी। सदर एसडीओ उत्कर्ष कुमार बोले, लोगों को ध्यान रखना होगा कि चुनाव के लिए आचार संहिता लागू है। बैठक में एडीएम राजेश्वरनाथ आलोक, जिला नजारत उप समाहर्ता सुदेश कुमार, जयसिंह यादव, रवि कुमार आदि थे।
दंडाधिकारियों को अलर्ट रहने की हिदायत
रांची के डीसी राहुल सिन्हा ने जिले में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को अलर्ट रहने को कहा है। होली में महिलाओं से अभद्रता न हो, इसका ध्यान रखने को कहा गया है। नशा कर विवाद करने वालों पर प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। थाना प्रभारियों से होलिका दहन पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
