रांची के हिनू में गुरुवार की सुबह आठ बजे बिल्डर नीरज सहाय ने सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। अपने आवास पर जिस पिस्टल से बिल्डर ने खुद को गोली मारी, वह लाइसेंसी थी। पुलिस ने पिस्टल जब्त कर ली है। डोरंडा थाना प्रभारी आनंद किशोर ने बताया कि गुरुवार की सुबह करीब आठ बजे नीरज सहाय ने स्वयं को कमरे में बंद कर लिया और अपने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर परिवार वाले दौड़े-दौड़े आए, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस दरवाजा तोड़कर अस्पताल ले गई, जहां मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय समेत बड़ी संख्या में परिचित आवास पर पहुंचे। पुलिस को पता चला है कि बिल्डर, जमीन कारोबारी समेत अन्य लोगों का नीरज सहाय पर 25 से 30 करोड़ रुपए बकाया हो गया था। लोग लगातार तकादा कर रहे थे, जिससे परेशान थे। पत्नी के बयान पर यूडी केस दर्ज किया गया है।
20 को कुछ बिल्डरों के साथ बैठक
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बिल्डर कर्ज अदा करने को लेकर काफी परेशान थे। बताया जा रहा है कि कुछ बिल्डर बुधवार को उनके घर पहुंचे थे। उनके साथ नीरज ने बैठक की। इस दौरान उनके साथ हिसाब-किताब भी हुआ था। उन्होंने कर्ज देने वालों से कहा था कि वह जल्द ही उन लोगों को बकाया पैसा अदा कर देंगे। रात में सबकुछ ठीक था।
21 को घूमकर घर लौटे और मारी गोली
पुलिस के अनुसार, बिल्डर नीरज गुरुवार को मार्निंग वॉक करने के बाद सुबह साढ़े सात बजे घर पहुंचे। इसके बाद वह अपने कमरे में चले गए। करीब आठ बजे अचानक गोली की आवाज सुनी गई। इसके बाद पत्नी समेत घर में मौजूद अन्य सदस्य दौड़ते हुए उनके कमरे में गए। हालांकि, कमरे का दरवाजा भीतर से बंद था। दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने डोरंडा पुलिस को इसकी सूचना दी।
बिस्तर पर लथपथ, हाथ में पिस्टल
सूचना मिलने के बाद डोरंडा पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा तोड़कर भीतर गयी तो देखा कि बिल्डर खून से लथपथ बिस्तर पर पड़े थे और उनके हाथ में पिस्टल था। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार की शाम जब शव घर लाया गया, तो परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। हालांकि, मौजूद लोग परिजनों को दिलासा दे रहे थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद कई बिल्डर समेत अन्य लोग भी नीरज के घर पहुंचे थे।
एफएसएल की टीम ने इक्ट्ठा किए साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलने के बाद एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से पिस्टल व अन्य जगहों से फिंगर प्रिंट के नमूने और अन्य चीजें बतौर साक्ष्य इकह्वा किए। इसके बाद टीम कमरे से मिले साक्ष्य को आगे की जांच के लिए साथ ले गई। इधर, पुलिस के मुताबिक जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा जाएगा।
