राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में शनिवार को तेज हवा के साथ बारिश हुई। दिन में कड़ी धूप रहने के बाद दोपहर बाद मौसम तेजी से बदला और काले बादल छा गए। तेज हवा और गरज के साथ बारिश हुई। रांची में 2.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।
बारिश के बाद ठंडी हवा से लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली। मौसम विभाग ने रांची समेत राज्य में अगले चार दिनों के दौरान तेज हवा व वज्रपात के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों तापमान सामान्य से अधिक रहे। जबकि राज्य में मेदिनीनगर का अधिकतम 34.6 व न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री रहा। जमशेदपुर में 34.2 डिग्री और 21.8 डिग्री दर्ज हुआ।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न भागों में अगले चार दिनों के दौरान तेज हवा और गरज के साथ बारिश तथा कहीं-कहीं वज्रपात होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान रांची के अधिकतम तापमान में चार डिग्री तक गिरावट दर्ज हो सकती है।
