झारखंड के उत्तरी भागों में फिर से अच्छी बारिश होने के आसार बन रहे हैं। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के आने से 21 से 23 फरवरी के बीच इसका प्रभाव रहेगा। राज्य के अधिकांश भागों में बादल छाए रहेंगे। जबकि, उत्तरी भागों में 21 और 22 फरवरी को बारिश होगी। इस दौरान रांची में हल्के बादल छाए रहेंगे और छिटपुट बारिश हो सकती है। राज्य में अगले दो दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री वृद्धि होगी और दिन का पारा गिरेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, देश के उत्तरी भाग में कायम विक्षोभ पूर्व की ओर बढ़ रहा है। इससे यह यूपी को पार करने के बाद बिहार से होकर गुजरेगा। इस कारण बिहार से सटे सीमावर्ती जिलों में हल्की बारिश होगी। मौसम पूर्वानुमान में अभी ओलावृष्टि और वज्रपात का जिक्र नहीं किया गया है।
अगले पांच दिन बढ़ेगा तापमान
राजधानी समेत राज्य में अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में भी वृद्धि होगी। रांची का तापमान अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम 31.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री तक रह सकता है।
जनवरी से अब तक 58 मिमी बारिश
हल्की बारिश झारखंड की रबी फसलों के लिए लाभदायी साबित होगी। साथ ही लत्तर वाली सब्जियों को छोड़ अन्य सब्जियों के लिए यह बारिश उपयोगी साबित होगी। राजधानी समेत पिछले सीजन में इस दौरान बारिश नहीं हुई थी। लेकिन, इस बार जनवरी से अब तक रांची में ही 58 मिमी बारिश हुई है। इस वर्षा जल से भूमिगत जलस्त्रत्तेतों को भी लाभ पहुंचा है।
झारखंड में 21 फरवरी से मौसम बदलाव के आसार हैं। एक नए विक्षोभ के कारण राज्य के मौसम में बदलाव होगा। राज्य के उत्तरी हिस्सों में बारिश हो सकती है। रांची में भी इसका आंशिक प्रभाव पड़ेगा। -एससी मंडल, मौसम वैज्ञानिक, रांची
जिलों का तापमान
जिला अधिकतम न्यूनतम
रांची 27.4 11.8
जमशेदपुर 31.2 12.8
मेदिनीनगर 30.2 12.0
बोकारो 28.5 11.6
देवघर 28.9 12.4
गोड्डा 28.6 11.8
सिमडेगा 29.4 10.9
साहिबगंज 28.7 10.9
