राजधानी रांची समेत राज्य में तेजी से गर्मी बढ़ रही है। शुक्रवार इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। आनेवाले समय में गर्मी बढ़ने के आसार हैं। दो जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री को पार कर चुका है। न्यूनतम तापमान में भी तेजी से वृद्धि हो रही है। शुक्रवार को मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री और जमशेदपुर का 40.1 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि, जमशेदपुर का न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, राजधानी का अधिकतम तापमान 35.5 और न्यूनतम 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री की वृद्धि हुई है। अधिकतम अपने सामान्य तापमान से चार डिग्री अधिक होने के करीब है। जबकि, न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री के अधिक होने के करीब है। मौसम विभाग के मुताबिक, रांची समेत राज्य के विभिन्न भागों में अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की वृद्धि हो सकती है। शनिवार और रविवार को राजधानी और राज्य के कुछ हिस्सों में हल्के बादल छाने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
24 घंटे में दो डिग्री बढ़ा पारा
रांची में पिछले 24 घंटों के मुताबिक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। दोनों तापमान सामान्य की तुलना में करीब दो डिग्री अधिक चल रहे हैं। वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के अलावे राज्य के समीपवर्ती राज्य ओड़िशा के उपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके प्रभाव से शनिवार और रविवार को मौसम बदलाव होगा।
दोनों तापमान सामान्य से अधिक चल रहे
विभाग के मुताबिक, राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री के करीब है। जबकि, न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि कर रहे हैं। राज्य में दोनों तापमान सामान्य से अधिक चल रहा है।
जिलों के तापमान
जिला अधिकतम न्यूनतम
मेदिनीनगर 40.2 21.1
जमशेदपुर 40.1 23.4
गढ़वा 39.6 20.0
बोकारो 37.1 21.0
चतरा 36.6 21.1
जिला अधिकतम न्यूनतम
देवघर 36.5 21.4
गोड्डा 36.2 20.9
रांची 35.5 20.4
साहिबगंज 33.0 20.3
मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा, ‘राजधानी समेत पूरे राज्य में दो दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री और वृद्धि होने का अनुमान है। इस बीच शनिवार और रविवार को मौसम में बदलाव भी होगा। रांची और राज्य के कुछ जगहों पर बारिश भी होगी। लेकिन, इससे बहुत राहत नहीं मिलेगी।’
